Ad Code

Responsive Advertisement

छत्तीसगढ़ के राज्यपाल ने किया एमसीबी जिले का दौरा



जिले में किया गया भव्य स्वागत

त्रिलोचन चक्रवर्ती 

अमन संवाद / एम सी बी 

छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने अपने एक दिवसीय एमसीबी जिला प्रवास के दौरान जिला कलेक्टर कार्यालय आगमन पर उनको सलामी देकर स्वागत किया गया। तत्पश्चात राज्यपाल ने ’’एक पेड़ माँ के नाम’’ अभियान के तहत अपनी माता स्व. श्रीमती चंपावती डेका के नाम पर ’’सफेद चंदन’’ का पौधा रोपण किया। इस दौरान कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उनके आगमन पर स्थानीय प्रशासन और गणमान्य नागरिकों ने हृदय पूर्ण स्वागत किया। इस अवसर पर राज्यपाल को जिले की विशेषताओं को दर्शाने वाला एक स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।

राज्यपाल ने जिले के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की, जिसमें जिले में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, बुनियादी ढांचे, जल आपूर्ति, महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास से संबंधित योजनाओं की समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।

राज्यपाल ने तेंदूडांड में विभिन्न आवासीय योजनाओं और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित आवासों का निरीक्षण कर हितग्राहियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने फुलकुंवर और ईश्वर सिंह से बातचीत कर उनकी समस्याओं और सरकारी योजनाओं के प्रभाव को समझा। इसके बाद राज्यपाल ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत संचालित ममता महिला स्वयं सहायता समूह के सिलाई सेंटर और आटा चक्की का निरीक्षण किया। उन्होंने समूह की महिलाओं से चर्चा कर उनकी जरूरतों और योजनाओं की प्रगति के बारे में जानकारी ली। साथ ही महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और उनके कार्य को लेकर संवाद किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आवास निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी जरूरतमंद परिवारों को जल्द से जल्द आवास प्रदान किए जाएं। राज्यपाल के दौरे को लेकर स्थानीय जनता में विशेष उत्साह देखा गया। लोग उनके समक्ष अपनी समस्याएं रखने में उत्साहित दिखे। राज्यपाल ने जिले के समग्र विकास के लिए प्रशासन और नागरिकों के संयुक्त प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। इस अवसर पर जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जनप्रतिनिधि एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे। राज्यपाल ने अपने दौरे के समापन पर जिलेवासियों के सहयोग और स्वागत के लिए आभार व्यक्त किया और जिले के सर्वांगीण विकास के लिए शुभकामनाएं दीं।

Post a Comment

0 Comments

Ad Code

Responsive Advertisement