अखिल भारतीय ब्राह्मण संगठन ने कहा- पिछले डेढ़ साल में बढ़े अत्याचार, आंदोलन की चेतावनी
अमन संवाद/भोपाल
मध्य प्रदेश में ब्राह्मण समाज के खिलाफ बढ़ती हिंसक घटनाओं को लेकर अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज संगठन ने आंदोलन की चेतावनी दी है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष पंडित पुष्पेंद्र मिश्र ने कहा कि पिछले एक-डेढ़ वर्ष में प्रदेश में ब्राह्मणों पर अत्याचार की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। उन्होंने हाल ही में मऊगंज (रीवा) में युवक सनी द्विवेदी और पुलिस अधिकारी राम चरण गौतम की पीट-पीटकर की गई हत्या का मुद्दा उठाया।
मिश्र ने कहा कि जब पुलिस की वर्दी में भी ब्राह्मण सुरक्षित नहीं है, तो आम लोगों की सुरक्षा एक बड़ा सवाल बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़ित ब्राह्मण वर्ग से होने के कारण इन घटनाओं पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश में ब्राह्मणों पर अत्याचार या हमले कि यह कोई पहली घटना नही है। इससे पहले दो माह पूर्व ही जबलपुर जिले के पाटन तहसील के ग्राम टिमरी में चार ब्राह्मणों की नृशंस हत्या कर दी गयी थी। इसी प्रकार जिला मैहर थाना देहात गांव रिगरा में ब्राह्मण विकास तिवारी के ऊपर पेट्रोल डालकर उसे जिंदा जला दिया गया था। रीवा जिले के रायपुर कर्चुलियान में भी एक ब्राह्मण युवक को मौत के मुंह में धकेला गया। छतरपुर में मंदिर के पुजारी की हत्या कर दी गयी थी।
*ब्राह्मण वर्ग में रोष*
लगातार हो रही है हत्याओं व प्रताड़ना कि घटनाओं को लेकर प्रदेश के ब्राह्मण वर्ग में रोष है। जबलपुर से लेकर मऊगंज तक ब्राह्मणों के ऊपर जघन्य अपराध हो रहे है और सत्ता से जुड़े लोग चुप चाप सब देख रहे है। आने वाले समय मे यह नाराजगी सरकार के खिलाफ जन आंदोलन का रूप भी ले सकती है।
*डीजीपी को सौपेंगे ज्ञापन*
अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज के प्रदेश अध्यक्ष पंडित पुष्पेंद्र मिश्र ने ब्राह्मणों कि लगातार हो रही हत्याओं व प्रताड़नाओं कि घटनाओं पर रोष व्यक्त करते हुए प्रदेश व्यापी प्रदर्शन की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि वह सोमवार को मऊगंज व अन्य घटनाओं को लेकर डीजीपी को ज्ञापन सौपेंगे। इसके बाद भी ब्राह्मणों पर अत्याचार नही रुके तो भाजपा व सरकार के खिलाफ ब्राह्मण सड़कों पर उतरेंगे ।
0 Comments